आधार कार्ड जो कि एक जरूरी पहचान पत्र है उसमें समय-समय पर जानकारी अपडेट करना पड़ सकता है। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) के अनुसार, आधार कार्डधारक अपने नाम को अधिकतम दो बार तक बदल सकते हैं। जेंडर और जन्मतिथि को जीवन में केवल एक बार बदलने की अनुमति है। हालांकि एड्रेस अपडेट करने की कोई सीमा नहीं है और यह कई बार किया जा सकता है।
नाम बदलने की प्रक्रिया
शादी के बाद महिलाओं द्वारा अपना सरनेम बदलने की जरूरत पड़ सकती है। आधार कार्ड में नाम बदलने के लिए नजदीकी आधार नामांकन केंद्र पर जाकर आधार नामांकन फॉर्म भरना होगा और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपको एक रसीद मिलेगी जिसमें अपडेट रिक्वेस्ट का नंबर होता है और इस काम के लिए आपसे 50 रुपए शुल्क लिया जाता है।
जन्मतिथि बदलने की प्रक्रिया
अगर आधार में जन्मतिथि गलत दर्ज हो गई हो और उसे सही कराना हो तो इसके लिए भी आपको आधार नामांकन केंद्र पर जाना होगा। यह सुविधा भी जीवन में सिर्फ एक बार मिलती है। पैन कार्ड, बर्थ सर्टिफिकेट, पासपोर्ट जैसे दस्तावेजों की जरूरत पड़ेगी। इसके लिए भी 50 रुपये की फीस देनी होती है और आवेदन के स्वीकृत होने पर अपडेट की जानकारी आपको मिल जाती है।
पता बदलने की ऑनलाइन प्रक्रिया
आधार कार्ड में पता ऑनलाइन बदलने के लिए UIDAI की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना होता है। OTP के माध्यम से पहचान सत्यापित करने के बाद आप अपना नया पता दर्ज कर सकते हैं और आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। इसके बाद आपको 50 रुपए का भुगतान करना होता है और अपडेट प्रक्रिया पूरी हो जाने पर आपको एक रसीद मिलती है।

आवश्यक दस्तावेज
आधार में पता अपडेट करने के लिए आपको पासपोर्ट, बैंक स्टेटमेंट, राशन कार्ड जैसे 28 तरह के दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत करना होता है। ये दस्तावेज आपकी पहचान और पते की जांच करते हैं।